रामपुरहाट के तारापीठ में बस की टक्कर से युवा राजमिस्त्री मजदूर की मौत
बीरभूम , 01 मई (हि. स.)। जिले के तारापीठ के भेड़ामारी मोड़ पर बेकाबू बस ने यू-टर्न लेते समय नियंत्रण खो दिया और रॉन्ग साइड में चढ़कर बाइक को टक्कर मार दी, जिससे सामिउल शेख (18) की मौत हो गई। वह निमापाखुड़िया गांव का निवासी था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हर दिन की तरह शुक्रवार सुबह वह बाइक से काम पर जा रहा था। तारापीठ डिपो से निकली एक तेज रफ्तार राज्य परिवहन बस कोलकाता की ओर जा रही थी। भेड़ामारी मोड़ पर अचानक यू-टर्न लेते समय बस चालक नियंत्रण खो बैठा और बस ने सामिउल की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह बाइक समेत सड़क पर दूर जा गिरा और उसके सिर में गंभीर चोट लगी। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे रामपुरहाट मेडिकल कॉलेज और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पाकर तारापीठ थाना पुलिस मौके पर पहुंची, बस को जब्त कर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद मृतक के परिवार और पूरे इलाके में शोक का माहौल है। लोगों का आरोप है कि तेज रफ्तार और गलत दिशा में यू-टर्न लेने की वजह से यह हादसा हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

