हुगली में तृणमूल एवं भाजपा कार्यकर्ताओं की झड़प, रोकने गए थाना प्रभारी घायल
हुगली, 10 मई (हि. स.)। जिले के तारकेश्वर में शनिवार रात तृणमूल कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प को रोकने के दौरान तारकेश्वर थाना प्रभारी सुब्रत साधु घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, तारकेश्वर नगर पालिका के वार्ड नंबर सात में तृणमूल और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच पहले कहासुनी हुई, जो बाद में हाथापाई में बदल गई। आरोप है कि शाम के समय भाजपा कार्यकर्ता इलाके की तृणमूल कार्यकर्ता पूजा साव के घर पहुंच गए थे। इसकी खबर मिलते ही तृणमूल के कई कार्यकर्ता वहां पहुंच गए और दोनों पक्षों के बीच झड़प शुरू हो गई।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। इसी दौरान झड़प रोकने की कोशिश में थाना प्रभारी सुब्रत साधु के सिर में गंभीर चोट लग गई और वह रक्तरंजित होकर जमीन पर गिर पड़े। बाद में उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने घटना से जुड़े पांच भाजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। इसके विरोध में भाजपा समर्थकों ने रात में तारकेश्वर थाने के सामने प्रदर्शन किया और गिरफ्तार कार्यकर्ताओं को तुरंत छोड़ने की मांग की।
इस बीच भाजपा नेता सुजय चटर्जी ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता किसी के घर हमला करने नहीं गए थे, बल्कि लोगों को भरोसा दिलाने गए थे कि इलाके में डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कार्यकर्ताओं ने ही हमला किया।
वहीं, पूर्व विधायक रामेंद्र सिंह ने कहा कि तृणमूल कार्यकर्ताओं ने किसी पर हमला नहीं किया और भाजपा कार्यकर्ता ही लोगों को धमका रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

