नीदरलैंड्स के राजदूत और उद्योगपतियों के साथ मंत्री तापस रॉय की बैठक, राज्य में निवेश के लिए सात कंपनियों ने जताई इच्छा
कोलकाता, 12 अक्टूबर (हि. स.)। भारत में नीदरलैंड्स की राजदूत मारिसा गेरार्ड्स और उनके साथ आए व्यवसायियों व उद्योगपतियों के विशेष प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को कोलकाता के शिल्प भवन में राज्य के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री तापस रॉय के साथ बैठक की। प्रतिनिधिमंडल इन दिनों पश्चिम बंगाल के दौरे पर है। राज्य सरकार की तरफ से बताया गया है कि नीदरलैंड्स की सात बड़ी कंपनियों ने राज्य में निवेश की इच्छा जताई है।
बैठक के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए मंत्री तापस रॉय ने बताया कि नीदरलैंड्स भारत में निवेश करने वाले पांचवें सबसे बड़े देशों में शामिल है और कोलकाता, बेंगलुरु सहित देश के कई शहरों में पहले से उद्योग क्षेत्र में निवेश कर चुका है। निवेश की इच्छा जताने वाली कंपनियों में यूनाइटेड ब्रुअरीज लिमिटेड (यूबीएल, हाइनेकेन कंपनी), सोलिडारिडाड, एनएक्सपी सेमीकंडक्टर्स, रैंडस्टैड इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, हास्कोनिंग, पीटरसन सॉल्यूशंस इंडिया और नीदरलैंड्स की नुबॉक्स्ड टेक्नोलॉजी बी.वी. शामिल हैं।
मंत्री ने बताया कि यूनाइटेड ब्रुअरीज लिमिटेड, प्रसम ब्रुअरीज के साथ मिलकर राज्य में एक अत्याधुनिक ग्रीनफील्ड ब्रुअरी स्थापित करने जा रही है, जिसमें 2027 की शुरुआत में उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है। इस परियोजना में चरणबद्ध तरीके से 500 से 700 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा और कंपनियों को उम्मीद है कि इससे उल्लेखनीय रोजगार सृजित होगा।
सोलिडारिडाड ने बनतला लेदर कॉम्प्लेक्स के औद्योगिक विकास का आश्वासन दिया है। नुबॉक्स्ड टेक्नोलॉजी, जो मुख्य रूप से पुराने इस्तेमाल किए गए मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मरम्मत कर उन्हें दोबारा उपयोग लायक बनाती है, कोलकाता में अपना कामकाज शुरू करना चाहती है। इससे शहर में ई-कचरा घटेगा और रोजगार भी बढ़ेगा।
हास्कोनिंग पश्चिम बंगाल में जल आपूर्ति और जल संरक्षण के क्षेत्र में काम करना चाहती है। कारखानों से निकलने वाले दूषित पानी को शोधित कर दोबारा उपयोग योग्य बनाना उसका प्राथमिक उद्देश्य होगा। बैठक में सुंदरबन क्षेत्र को लेकर भी कई परियोजनाएं लागू करने की इच्छा जताई गई। मंत्री ने स्वयं इन सभी परियोजनाओं को आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गंगा

