तपन कांदू हत्या मामले के आरोपित कालेबर सिंह की अस्पताल में मौत
कोलकाता, 04 अगस्त (हि. स.)। कांग्रेस पार्षद तपन कांदू हत्या मामले के आरोपित एवं कथित सुपारी किलर कालेबर सिंह (58) का उपचार के दौरान निधन हो गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, लंबी बीमारी के बाद उन्होंने पुरुलिया सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में अंतिम सांस ली। सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को दंडाधिकारी की मौजूदगी में शव का पंचनामा किया गया। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
तपन कांदू हत्या मामले में गिरफ्तारी के बाद कालेबर सिंह को पुरुलिया जिला सुधार गृह में रखा गया था। लंबे समय से वह कई बीमारियों से पीड़ित थे। स्वास्थ्य बिगड़ने पर उन्हें करीब चार महीने पहले पुरुलिया सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
उनकी पत्नी प्रतिमा देवी ने बताया कि उनके पति का लंबे समय से विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा था। उन्होंने कहा कि जमानत के लिए कई बार आवेदन किया गया, लेकिन मंजूरी नहीं मिली। उन्हें नहीं पता कि उनके पति ने हत्या की थी या नहीं, लेकिन इस मामले में उन्हें किसी के खिलाफ कोई शिकायत नहीं है।
उल्लेखनीय है कि 13 मार्च 2022 को पुरुलिया जिले की झालदा नगरपालिका के वार्ड संख्या-दो के कांग्रेस पार्षद तपन कांदू की सुबह सैर के दौरान अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद पूरे राज्य में व्यापक राजनीतिक प्रतिक्रिया हुई थी।
शुरुआत में मामले की जांच राज्य सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने की थी। बाद में कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश पर जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दी गई। जांच के दौरान झारखंड के बोकारो जिलान्तर्गत गैछाद गांव के निवासी कालेबर सिंह को गिरफ्तार किया गया था। जून 2022 में सीबीआई ने इस मामले में दीपक कांदू, कालेबर सिंह, नरेन कांदू, मोहम्मद आशिक और सत्यवान प्रमाणिक के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था। कालेबर सिंह की मौत के साथ मुकदमे के दौरान मरने वाले आरोपितों की संख्या दो हो गई है। इससे पहले 12 नवंबर 2023 को सत्यवान प्रमाणिक की भी बीमारी के कारण मृत्यु हो गई थी।
वर्तमान में इस मामले के दो अन्य आरोपित नरेन कांदू और दीपक कांदू कलकत्ता उच्च न्यायालय से जमानत पर हैं। मामले की सुनवाई अभी जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

