home page

विधानसभा परिणाम से पहले तमलुक में वार्डवार आंकलन शुरू

 | 
विधानसभा परिणाम से पहले तमलुक में वार्डवार आंकलन शुरू


पूर्व मेदिनीपुर, 01 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणाम चार मई को घोषित होने वाले हैं। इससे पहले पूर्व मेदिनीपुर जिले के तमलुक नगर पालिका क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस के पार्षद अपने-अपने वार्ड में संभावित बढ़त को लेकर गणना में जुटे हुए हैं।

दरअसल, पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि जिन पार्षदों के वार्ड में विधानसभा चुनाव में बेहतर परिणाम आएंगे, उन्हें आगामी नगर पालिका चुनाव में टिकट मिलने की संभावना अधिक होगी। इसी कारण सभी पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर प्रचार किया था।

तमलुक नगर पालिका में कुल 20 वार्ड हैं। वर्ष 2022 के नगर पालिका चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने 18 वार्डों में जीत हासिल की थी, जबकि भारतीय जनता पार्टी को केवल दो वार्डों में सफलता मिली थी। उस समय वार्ड नंबर एक के पार्षद दीपेंद्र नारायण राय नगर पालिका के अध्यक्ष बने थे।

हालांकि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में नगर पालिका क्षेत्र में तृणमूल का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुसार नहीं रहा और पार्टी को केवल पांच वार्डों में ही बढ़त मिली थी। इसके बाद पार्टी के निर्देश पर नवंबर 2025 में दीपेंद्र नारायण राय ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। इस बार 2026 के विधानसभा चुनाव में वे तामलुक सीट से तृणमूल के उम्मीदवार हैं।

अब परिणाम से पहले पार्षद और पार्टी नेता हर वार्ड के मतदान का अनुमान लगाने में लगे हैं। कई पार्षदों को अपने क्षेत्रों के परिणाम को लेकर चिंता भी है। हालांकि पार्टी के कुछ नेताओं का मानना है कि लोकसभा, विधानसभा और नगर पालिका चुनावों की प्रकृति अलग-अलग होती है और नगर पालिका चुनाव में उम्मीदवार की व्यक्तिगत पकड़ और लोगों से संपर्क अधिक प्रभावी होता है।

नगर पालिका की उपाध्यक्ष सुफिया बेगम ने कहा कि राज्य नेतृत्व के निर्देश के अनुसार, सभी पार्षदों ने घर-घर जाकर प्रचार किया। उन्होंने राज्य सरकार की विकास योजनाओं के साथ-साथ नागरिकता से जुड़े मुद्दों पर लोगों की नाराजगी को भी सामने रखा। उनका दावा है कि कई मतदाता दूसरे राज्यों से लौटकर मतदान करने आए। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार करीब 10 वार्डों में पार्टी को बढ़त मिलेगी।

वहीं, नगर पालिका के अध्यक्ष वैद्यनाथ सिन्हा का कहना है कि सभी वार्डों में पार्षदों ने सक्रिय रूप से प्रचार किया और लोकसभा चुनाव की तुलना में इस बार तृणमूल कांग्रेस के मतों में बढ़ोतरी होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता