home page

तमलुक में सड़क निर्माण पर तृणमूल-भाजपा में श्रेय की राजनीति

 | 
तमलुक में सड़क निर्माण पर तृणमूल-भाजपा में श्रेय की राजनीति


पूर्व मेदिनीपुर, 09 मार्च (हि. स.)। तमलुक नगरपालिका के 19 नंबर वार्ड में 350 मीटर लंबी ढलाई सड़क के निर्माण को लेकर तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच श्रेय की राजनीति शुरू हो गई है। सड़क निर्माण का काम फिलहाल रुका हुआ है, जबकि ‘पथश्री’ परियोजना के तहत इसे पहले ही पूरा हो जाना चाहिए था।

जानकारी के अनुसार, 19 नंबर वार्ड के चांदखोआ उत्तरपल्ली मैदानपाड़ा इलाके में लंबे समय से कच्ची सड़क है। इस सड़क को लगभग 350 मीटर तक ढलाई करने की योजना को लेकर दोनों दलों के बीच श्रेय की राजनीति शुरू हो गई है।

तृणमूल का दावा है कि 12 मार्च 2024 को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने वर्चुअल माध्यम से इस सड़क परियोजना का शिलान्यास किया था। हालांकि लंबे समय तक धन आवंटन न होने के कारण काम शुरू नहीं हो सका और स्थानीय लोगों को अब तक कच्ची सड़क से ही आना-जाना पड़ रहा है।

तृणमूल नेता तथा चेयरमैन नॉमिनी सोमा घोष दास का कहना है कि ‘दिदी के बोलो’ कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री से सड़क निर्माण की मांग की थी, जिसके बाद परियोजना को मंजूरी मिली।

उसी वार्ड की भाजपा पार्षद शबरी चक्रवर्ती का दावा है कि वर्ष 2022 में इलाके के लोगों के हस्ताक्षर लेकर नगरपालिका में आवेदन दिया गया था, जिसके आधार पर सड़क निर्माण को मंजूरी मिली। उनका आरोप है कि सरकारी काम में स्थानीय पार्षद को नजरअंदाज कर अन्य लोग आगे आकर श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं।

इस पूरे विवाद पर सोमवार तमलुक नगरपालिका के चेयरमैन बैद्यनाथ सिन्हा ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री ने प्रत्येक वार्ड के लिए 10 लाख रुपये का आवंटन किया था।वर्चुअली परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया था। लंबे समय बाद अब काम शुरू होने जा रहा है, लेकिन सफाई कार्य के दौरान कुछ तकनीकी समस्याएं सामने आई हैं।

उन्होंने बताया कि नगरपालिका के इंजीनियर को मौके पर जाकर समस्या की जांच करने का निर्देश दिया गया है और जल्द ही सड़क निर्माण का काम शुरू कर दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता