पूजा के दौरान तांबरम-संतरागाछी के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन
कोलकाता, 09 अक्टूबर (हि. स.)। आगामी पूजा के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने तांबरम और संतरागाछी के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। इस विशेष ट्रेन से दक्षिण भारत और पश्चिम बंगाल के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
दक्षिण पूर्व रेलवे की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, 06075 तांबरम-संतरागाछी स्पेशल ट्रेन 13 अक्टूबर से 27 अक्टूबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को तांबरम (चेन्नई) से सुबह 10:15 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन बुधवार को शाम 18:30 बजे संतरागाछी (हावड़ा) पहुंचेगी।
वापसी में 06076 संतरागाछी-तांबरम स्पेशल ट्रेन 14 अक्टूबर से 28 अक्टूबर 2026 तक प्रत्येक बुधवार को संतरागाछी से रात 21:30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन तीसरे दिन सुबह 10:30 बजे तांबरम पहुंचेगी।
दक्षिण पूर्व रेलवे के अधिकार क्षेत्र में इस ट्रेन का ठहराव खड़गपुर और बालेश्वर स्टेशनों पर होगा। रेलवे की इस पहल से पूजा के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

