home page

मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद तमन्ना केस में दो गिरफ्तार

 | 
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद तमन्ना केस में दो गिरफ्तार


मुर्शिदाबाद, 24 जून (हि. स.)। कालीगंज में छह वर्षीय बच्ची तमन्ना खातून की बम हमले में मौत के मामले में पुलिस ने मंगलवार रात दो और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है।

पुलिस के अनुसार, मुर्शिदाबाद के रेजीनगर और नदिया जिले के पलाशीपाड़ा इलाके से जियारुल शेख और साबिर शेख नामक दो आरोपितों को कालीगंज थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया।

गौरतलब है कि 23 जून 2025 को कालीगंज विधानसभा उपचुनाव के परिणाम घोषित होने के दिन बम हमले में छह वर्षीय तमन्ना खातून की मौत हो गई थी। आरोप था कि तृणमूल कांग्रेस की विजय रैली से फेंके गए बम की चपेट में आने से बच्ची की जान गई। घटना के बाद पूरे राज्य में राजनीतिक विवाद तेज हो गया था। इससे पहले पुलिस इस मामले में 11 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी थी।

मंगलवार को तमन्ना की मां सबीना यासमीन ने राज्य के वर्तमान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात कर बेटी की मौत के जिम्मेदार सभी लोगों की गिरफ्तारी की मांग की। मुख्यमंत्री ने उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के कुछ घंटों बाद ही पुलिस ने दो और आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। कृष्णनगर पुलिस जिला प्रशासन ने भी आश्वासन दिया है कि बाकी आरोपितों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता