टाकी नगरपालिका में करोड़ों रुपये के भ्रष्टाचार के आरोप में पूर्व हेड क्लर्क गिरफ्तार
कोलकाता, 19 नवंबर (हि. स.)। उत्तर 24 परगना जिले की टाकी नगरपालिका के पूर्व हेड क्लर्क प्रबीर चटर्जी को सीआईडी ने गिरफ्तार किया है। उन पर सरकारी धन में करोड़ों रुपये की गड़बड़ी करने और लाखों रुपये अपने बैंक खाते में जमा कराने का आरोप है। गुरुवार तड़के सीआईडी अधिकारियों ने उन्हें गिरफ्तार किया।
टाकी नगरपालिका में कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच का निर्देश अदालत ने दिया था। इसके बाद सीआईडी ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान नगरपालिका के वित्तीय लेनदेन और विभिन्न दस्तावेजों की पड़ताल की गई। इसी क्रम में पूर्व हेड क्लर्क प्रबीर चटर्जी की भूमिका जांच के दायरे में आई। आरोप है कि उन्होंने सरकारी धन की बड़ी राशि अपने निजी बैंक खाते में जमा कराई थी।
गिरफ्तारी के बाद आरोपित को बशीरहाट अनुमंडल अदालत में पेश किया गया। सीआईडी ने मामले की गहराई से जांच के लिए उन्हें हिरासत में लेने की मांग की। अदालत ने सीआईडी की अर्जी स्वीकार करते हुए आरोपित को 10 दिनों की हिरासत में भेजने का निर्देश दिया।
बताया गया है कि प्रबीर चटर्जी काफी समय से जांच एजेंसियों की नजर में थे। इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और सीआईडी के अधिकारी उनसे उनके आवास और टाकी नगरपालिका में कई बार पूछताछ कर चुके हैं। वर्ष 2024 में ईडी अधिकारियों ने टाकी नगरपालिका के चेयरमैन सोमनाथ मुखर्जी और प्रबीर चटर्जी को आमने-सामने बैठाकर करीब तीन घंटे तक पूछताछ की थी।
वहीं, उच्च न्यायालय के निर्देश के बाद गत 24 अक्टूबर को सीआईडी की टीम टाकी नगरपालिका पहुंची थी। अधिकारियों ने करीब 14 घंटे तक नगरपालिका के विभिन्न अधिकारियों से पूछताछ की और कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच के बाद उन्हें अपने कब्जे में लिया था। इसी जांच के सिलसिले में अब नगरपालिका के पूर्व हेड क्लर्क की गिरफ्तारी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

