home page

रवींद्रनाथ टैगोर और काजी नजरुल इस्लाम की तस्वीरों पर कालिख पोतने का आरोप, आरामबाग में भारी आक्रोश

 | 
रवींद्रनाथ टैगोर और काजी नजरुल इस्लाम की तस्वीरों पर कालिख पोतने का आरोप, आरामबाग में भारी आक्रोश


हुगली, 12 नवंबर (हि. स.)। बंगाल के दो महान विभूतियों, विश्वकवि रवींद्रनाथ टैगोर और विद्रोही कवि काजी नजरुल इस्लाम की तस्वीरों पर कालिख पोतने के आरोप को लेकर हुगली जिले के आरामबाग के 12 नंबर वार्ड में भारी सनसनी फैल गई है। घटना हरिपुर सैयदिया प्राथमिक विद्यालय में हुई।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पूजा की छुट्टियों के कारण फिलहाल विद्यालय बंद है। गुरुवार को विद्यालय के प्रधानाध्यापक स्कूल पहुंचे तो उन्होंने सबसे पहले इस घटना को देखा। उन्होंने स्थानीय निवासियों को इसकी सूचना दी। खबर फैलते ही विद्यालय परिसर में लोगों की भीड़ जुटने लगी। दोनों महान विभूतियों की तस्वीरों के साथ इस तरह की हरकत सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी गई।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि रवींद्रनाथ टैगोर और काजी नजरुल इस्लाम केवल बंगाल ही नहीं, बल्कि पूरे देश का गौरव हैं। शिक्षण संस्थान में उनकी तस्वीरों के साथ इस तरह का अपमानजनक व्यवहार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

इस मामले को लेकर आरामबाग थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई। लोगों ने घटना में शामिल आरोपितों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी और कड़ी सजा देने की मांग की है।

हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किन लोगों ने और किस उद्देश्य से विद्यालय में प्रवेश कर इस घटना को अंजाम दिया। इस घटना के पीछे कौन लोग हैं, इसे लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।

फिलहाल, दोनों महान विभूतियों की तस्वीरों पर कालिख पोतने की घटना को लेकर पूरे इलाके में आक्रोश और सनसनी का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय