हुगली में कल्याण जयंत स्मृति राज्य रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता' का शुभारंभ
हुगली, 09 जुलाई (हि. स.)। हुगली जिला टेबल टेनिस संघ के तत्वावधान में गुरुवार को हुगली टेक्नो इंडिया इंडोर स्टेडियम में 'कल्याण जयंत स्मृति राज्य रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता-2026 (तृतीय चरण)' का शुभारंभ हुआ। राज्य के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों की भागीदारी से स्टेडियम परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
उद्घाटन समारोह में चुंचुड़ा के विधायक सुबीर नाग, चंदननगर के विधायक दीपांजन गुहा, खेल संगठनों के प्रतिनिधि, खेल प्रेमी तथा अन्य विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि यह प्रतियोगिता राज्य के प्रतिभाशाली टेबल टेनिस खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा और कौशल प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। उनका कहना था कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को प्रेरित करती हैं और उन्हें भविष्य में राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करती हैं।
आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं। यह राज्य रैंकिंग प्रतियोगिता अगले कई दिनों तक चलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

