सिंडिकेट और अवैध उगाही के आरोप को लेकर भाजपा का प्रदर्शन
सिलीगुड़ी, 11 मई (हि.स.)। सिलीगुड़ी के दार्जिलिंग मोड़ इलाके में टूर एंड ट्रेवल्स के नाम पर सिंडिकेट चलाने और अवैध उगाही के आरोप को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
भाजपा नेताओं का आरोप है कि दार्जिलिंग मोड़ में लंबे समय से कथित सिंडिकेट के जरिए अवैध उगाही की जा रही है। इसी के विरोध में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और प्रदर्शन किया। हंगामे के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। घटना की सूचना पाकर सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के प्रधाननगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
भाजपा नेताओं का कहना है कि कुछ लोग फर्जी या अधूरे कागजात के सहारे आम लोगों और छोटे व्यापारियों पर दबाव बनाकर पैसे वसूल रहे है। उन्होंने साफ कहा कि अब इस तरह की गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद ऐसे “सिंडिकेट राज” को खत्म करने की शुरुआत हो चुकी है।
वहीं, जिस टूर एंड ट्रेवल्स व्यवसाय पर आरोप लगाए गए है, उसने इन सभी आरोपों को निराधार और राजनीतिक प्रेरित बताया है। उनका कहना है कि उनका काम पूरी तरह वैध है और आवश्यक दस्तावेज मौजूद है। उनका दावा है कि वे केवल दस प्रतिशत कमीशन लेते है और इस व्यवसाय से 20–25 युवाओं को रोजगार मिला हुआ है। फिलहाल पूरे मामले को लेकर इलाके में राजनीतिक माहौल गर्म है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

