रेजिनगर के प्रत्याशी ने कहा : प्रतीक विवाद नहीं सुलझा तो उपचुनाव प्रचार से दूर रहेंगी ममता बनर्जी
कोलकाता, 16 सितंबर (हि. स.)। नंदीग्राम और रेजिनगर विधानसभा सीटों पर छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस में चुनाव चिह्न को लेकर विवाद जारी है। इसी बीच पार्टी की अध्यक्ष ममता बनर्जी के प्रचार में शामिल होने को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
सूत्रों के अनुसार, ममता बनर्जी ने पार्टी की बैठक में कहा है कि जब तक तृणमूल कांग्रेस के चुनाव चिह्न को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होती, तब तक वह उपचुनाव के प्रचार में शामिल नहीं होंगी। बुधवार को दोनों पक्षों के प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया। रेजिनगर से तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी रबिउल आलम चौधरी ने नामांकन दाखिल करने से पहले मंगलवार को कालीघाट पहुंचकर ममता बनर्जी से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। नामांकन के बाद पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने कहा कि नेत्री ने स्पष्ट किया है कि चुनाव चिह्न को लेकर विवाद समाप्त नहीं होने तक वह प्रचार में नहीं आएंगी।
सूत्रों के अनुसार, उपचुनाव में तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी भी प्रचार कर सकते हैं। फिलहाल वह आंखों के इलाज के लिए अमेरिका में हैं।
उल्लेखनीय है कि चुनाव चिह्न को लेकर चुनाव आयोग ने कालीघाट और ऋतब्रत गुट के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की है। हालांकि, ‘जोड़ाफूल’ चुनाव चिह्न किस गुट को मिलेगा, इस पर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है। बुधवार को दोनों गुटों को कुछ और जानकारी चुनाव आयोग के समक्ष जमा करनी है।
इस बीच ऋतब्रत गुट के रेजिनगर प्रत्याशी सफीउज्जमान शेख के नामांकन कार्यक्रम में अरूप राय और अखरुज्जामान सहित कई नेता मौजूद रहे। वहीं नंदीग्राम से ऋतब्रत गुट के प्रत्याशी मोहम्मद एतेसामुल हक के नामांकन कार्यक्रम में मदन मित्रा और स्नेहाशीष चक्रवर्ती शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

