मतगणना से पहले मिठाइयों की भारी मांग, दुकानदारों की बढ़ी व्यस्तता
कोलकाता/ मेदिनीपुर, 04 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की मतगणना से पहले ही मिठाई बाजार में रौनक बढ़ गई है। राजनीतिक पार्टियों ने संभावित जीत की खुशी मनाने के लिए पहले से ही बड़ी मात्रा में मिठाइयों के ऑर्डर दे दिए हैं। इससे मिठाई दुकानदारों और कारीगरों की व्यस्तता काफी बढ़ गई है।
राज्य में 15 मार्च को चुनाव की घोषणा के बाद से ही राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई थीं। चुनाव प्रचार, सभाओं और रैलियों के दौरान मिठाइयों की मांग लगातार बनी रही। अब मतगणना से पहले कई दलों ने जीत की उम्मीद में मिठाइयों का अग्रिम ऑर्डर दे दिया है।
पूर्व मेदिनीपुर के कोलाघाट और तमलुक इलाके में मिठाई विक्रेताओं का कहना है कि चुनाव प्रचार के दौरान एक-एक दिन में लाखों रुपये की मिठाइयों की बिक्री हुई। उनका अनुमान है कि मतगणना के दिन बिक्री और अधिक बढ़ेगी।
पश्चिम बंगाल मिष्ठान्न समिति के पूर्व मेदिनीपुर जिला सलाहकार सरोज जाना ने भी बताया कि पूरे जिले में चुनाव के दौरान मिठाइयों की बिक्री अच्छी रही है और मतगणना के दिन भी अच्छी बिक्री की उम्मीद है।
राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी मिठाइयों के ऑर्डर देने की बात स्वीकार की है। उनका कहना है कि जीत की खुशी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ मिठाई खिलाकर ही मनाई जाती है।
झाड़ग्राम में स्थिति कुछ अलग दिखाई दे रही है। वहां के कई मिठाई दुकानदारों का कहना है कि इस बार किसी भी राजनीतिक पार्टी की ओर से बड़ी मात्रा में मिठाइयों का ऑर्डर नहीं मिला है, जबकि पिछले चुनावों में ऐसा नहीं था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

