आसनसोल बाजार इलाके में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
आसनसोल, 08 अप्रैल (हि.स.)। आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को एक व्यापक स्वीप (वोटर अवेयरनेस प्रोग्राम) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के बस्तिन बाजार इलाके में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को बिना किसी भय और दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारी सक्रिय रूप से मौजूद रहे और स्थानीय लोगों को मतदान के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस जागरूकता अभियान में डीएमडीसी, एसओआई, एडिशनल इंस्पेक्टर सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और किसी भी प्रकार के डर या लालच में आए बिना निष्पक्ष रूप से मतदान करें। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अधिकारियों के साथ संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
इससे पहले 25 मार्च 2026 को आयोजित एक रैली में डब्ल्यूबीसीएस (एक्जीक्यूटिव) के अधिकारी ललित सेन, बीसीडब्ल्यू के एडिशनल इंस्पेक्टर गुणमय रॉय और सीडी विभाग की सबाना सुल्ताना भी शामिल हुए थे। उस रैली में भी मतदाता जागरूकता को लेकर विशेष जोर दिया गया था और लोगों को मतदान प्रक्रिया तथा उनके अधिकारों के बारे में जानकारी दी गई थी।
प्रशासन की ओर से लगातार इस तरह के कार्यक्रम आयोजित कर यह सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है कि हर मतदाता अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो और चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाए।
बस्तिन बाजार में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए भी यही संदेश दिया गया कि स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और इसमें हर नागरिक की भागीदारी बेहद जरूरी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

