जांच के लिए स्वरूप विश्वास को न्यू अलीपुर स्थित फ्लैट ले गई पुलिस, इलाके में बढ़ा तनाव
कोलकाता, 08 जून (हि. स.)। रंगदारी और यौन उत्पीड़न समेत कई गंभीर आरोपों में गिरफ्तार स्वरूप विश्वास को सोमवार को जांच के सिलसिले में न्यू अलीपुर स्थित उनके फ्लैट पर ले जाया गया। न्यू अलीपुर थाने की पुलिस ने पूर्व मंत्री अरूप विश्वास के भाई स्वरूप विश्वास को साहापुर कॉलोनी स्थित उनके फ्लैट में ले जाकर वहां तलाशी अभियान चलाया।
पुलिस अधिकारियों ने फ्लैट के विभिन्न हिस्सों की गहन तलाशी ली। इस दौरान इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी।
स्वरूप विश्वास को इलाके में लाए जाने की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। पुलिस की गाड़ी देखते ही बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और विरोध जताने लगे।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्वरूप विश्वास लंबे समय से इलाके में आतंक का माहौल बनाए हुए थे। उनके खिलाफ रंगदारी वसूली और आम लोगों को परेशान करने जैसे कई आरोप लगाए गए हैं।
स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस बल के साथ केंद्रीय बलों की भी तैनाती की गई। तलाशी अभियान के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पूरे इलाके में कड़ी निगरानी रखी गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

