ड्रेन पर कब्जे को लेकर विधायक स्वराज घोष सख्त, पांच दिन में अतिक्रमण हटाने की चेतावनी
हुगली, 12 अगस्त (हि. स.)। ड्रेन पर अतिक्रमण और जलजमाव की समस्या को लेकर सप्तग्राम के विधायक स्वराज घोष ने कड़ा रुख अपनाया है। बुधवार को उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि अतिक्रमणकारियों को ड्रेन को कब्जामुक्त करने के लिए चार-पांच दिनों का समय दिया जा रहा है। निर्धारित समय के भीतर कब्जा नहीं हटाने पर प्रशासन की ओर से कार्रवाई की जाएगी।
सप्तग्राम ग्राम पंचायत के चक बांसबेड़िया, नंबर-3 गुमटी, निमतला, बड़ा पाड़ा सहित विभिन्न इलाकों में लंबे समय से जलजमाव की समस्या बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, साल के करीब आधे समय तक उन्हें पानी के बीच से गुजरना पड़ता है और कई बार गमबूट पहनकर आवाजाही करनी पड़ती है। स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों और गर्भवती महिलाओं को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय निवासियों ने पंचायत प्रशासन से लेकर विभिन्न स्तरों पर कई बार शिकायत की, लेकिन लंबे समय तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। मामले की जानकारी विधायक स्वराज घोष को भी दी गई थी। विधायक ने पंचायत प्रधान, उपप्रधान और अधिकारियों के साथ कई बार बैठक कर समस्या के समाधान का निर्देश दिया था।
हालांकि, काफी समय बीतने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं होने पर आयोजित जनता दरबार में स्थानीय लोगों ने अपना आक्रोश जाहिर किया। समस्या बताते हुए कई लोग विधायक के सामने भावुक होकर रो पड़े।
प्रधान और उपप्रधान की अनुपस्थिति पर भी विधायक ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अगर जनता को सेवा नहीं दे सकते हैं तो कुर्सी छोड़ दीजिए। नहीं तो लोगों की समस्याओं का समाधान कीजिए।
जनता दरबार में बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक समुदाय के लोग भी पहुंचे थे। उन्हें संबोधित करते हुए विधायक ने कहा, “मैं जानता हूं कि आपने भाजपा को वोट नहीं दिया है। लेकिन चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। केंद्र और राज्य सरकार की सभी योजनाओं का लाभ हर योग्य व्यक्ति को मिलेगा। मैं हर व्यक्ति का विधायक हूं—जिसने मुझे वोट दिया है, उसका भी और जिसने वोट नहीं दिया, उसका भी।”
इलाके में कथित माफिया गतिविधियों को लेकर भी विधायक ने कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि उनके बारे में तरह-तरह की अफवाहें फैलाई जा रही हैं और कहा जा रहा है कि “सेटिंग” हो गई है। इस पर उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “स्वराज के रहते इलाके में माफियाराज और गुंडागर्दी नहीं चलेगी। गैरकानूनी काम करने वालों को हिरासत में जाना होगा।”
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

