home page

चुनाव 26 : कानूनी लड़ाई के बाद मैदान में उतरी स्वप्ना बर्मन आज दाखिल करेंगी नामांकन

 | 

जलपाईगुड़ी, 6 अप्रैल (हि.स.)। एशियन गेम्स की गोल्ड मेडलिस्ट एथलीट स्वप्ना बर्मन के लिए खेल के मैदान के बाद अब राजनीति के मैदान में भी बड़ी बाधा खड़ी हो गई थी, लेकिन आखिरकार सभी कानूनी अड़चनें दूर हो गई है। अब राजगंज विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में उनके चुनाव लड़ने का रास्ता साफ हो गया है। सोमवार को नामांकन के आखिरी दिन वह अपना पर्चा दाखिल करेंगी।

दरअसल, स्वप्ना बर्मन उत्तर-पूर्व सीमांत रेलवे के अलीपुरद्वार डिवीजन में कार्यरत थी। सरकारी नौकरी में रहते हुए सक्रिय राजनीति में हिस्सा लेने पर रोक होती है। उन्होंने इस्तीफा दिया, लेकिन प्रक्रिया में त्रुटियों के कारण रेलवे ने उनका इस्तीफा स्वीकार करने के बजाय उन्हें बर्खास्त कर दिया। यह मामला कानूनी लड़ाई तक पहुंचा। बाद में रेलवे ने उन्हें “नो ड्यूज सर्टिफिकेट” दे दिया, लेकिन नामांकन प्रक्रिया के दौरान 2-बी फॉर्म की एक धारा में बर्खास्तगी के कारण को लेकर सवाल खड़ा हो गया। इसके चलते उन्हें चुनाव आयोग से विशेष एनओसी लेना जरूरी हो गया। शनिवार तक यह एनओसी लंबित रहने से उनकी उम्मीदवारी पर संकट मंडरा रहा था। इस बीच राजगंज के मौजूदा विधायक खगेश्वर राय के नाम को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई थी।

आखिरी समय में चुनाव आयोग से एनओसी मिलने के बाद स्वप्ना बर्मन की उम्मीदवारी अब पूरी तरह साफ हो गई है।

बताया जा रहा है कि तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी के हस्तक्षेप के बाद पार्टी के अंदर की स्थिति भी सामान्य हो गई। अब स्वप्ना बर्मन की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार