home page

मुख्यमंत्री घोषणा के बाद शुभेंदु के पैतृक गांव कुरकुली में जश्न

 | 
मुख्यमंत्री घोषणा के बाद शुभेंदु के पैतृक गांव कुरकुली में जश्न


पूर्व मेदिनीपुर, 08 मई (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल का अगला मुख्यमंत्री घोषित किए जाने की खबर मिलते ही पूर्व मेदिनीपुर जिले के कांथी के गांव कुरकुली में उत्सव का माहौल बन गया। गांव के लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटी, पटाखे फोड़े और बैंड-बाजे के साथ खुशी मनाई।

जैसे ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा उनके नाम की घोषणा की खबर टीवी पर आई, पूरे इलाके में उत्साह फैल गया। स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई देने लगे। भाजपा कार्यकर्ता बैंड पार्टी के साथ नाचते-गाते दिखाई दिए।

स्थानीय भाजपा नेता और पार्षद सुशील दास ने कहा कि आज हमारे दादा शुभेंदु अधिकारी के लिए छोटे-छोटे बच्चे भी सड़कों पर निकल आए हैं। वह हमेशा इलाके के लोगों के साथ घुलमिल कर रहते हैं और सबकी खबर लेते हैं, इसलिए गांव के लोगों में इतनी खुशी है।

शुभेंदु अधिकारी के पैतृक घर ‘शांतिकुंज’ के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। परिवार के सदस्य फिलहाल कोलकाता में मौजूद हैं।

बताया जा रहा है कि शनिवार को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इसी को लेकर भाजपा समर्थकों में उत्साह और भी बढ़ गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता