डब्ल्यूबीजेईई काउंसिलिंग में सभी सीटें भरने पर मुख्यमंत्री ने जताई खुशी
कोलकाता, 09 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल संयुक्त प्रवेश परीक्षा (डब्ल्यूबीजेईई) काउंसिलिंग के पहले चरण में राज्य के सभी सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों की सीटें भर जाने पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने इसे राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों में पहली बार ऐसा हुआ है, जो इस बात का संकेत है कि राज्य के मेधावी छात्र उच्च तकनीकी शिक्षा के लिए अब पश्चिम बंगाल के संस्थानों पर पहले से अधिक भरोसा जता रहे हैं।
गुरुवार सुबह अपने ट्वीट में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बदलाव राज्य के शैक्षणिक माहौल में बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। उनके अनुसार, युवा अब उच्च तकनीकी शिक्षा के लिए अपने ही राज्य को प्राथमिकता दे रहे हैं, जो भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में लगातार सुधार के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से शिक्षण संस्थानों के आधुनिकीकरण, बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं के विकास तथा नवाचार और उत्कृष्टता को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य राज्य से प्रतिभाओं के पलायन को रोकना और उसे ब्रेन ड्रेन से ब्रेन गेन में बदलना है। इसके लिए पश्चिम बंगाल में ही विश्वस्तरीय अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि राज्य के प्रतिभाशाली युवा यहीं अपना भविष्य बना सकें और प्रदेश के विकास में भागीदार बनें।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

