जीत के लिए शुभेंदु अधिकारी ने जताया बंगालवासियों का आभार
कोलकाता, 05 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में दो सीटों पर जीत दर्ज करने के बाद भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने राज्यवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने पूर्व मेदिनीपुर जिले की नंदीग्राम और दक्षिण कोलकाता की भवानीपुर सीट से जीत हासिल की है। साथ ही, भाजपा ने राज्य में व्यापक समर्थन के साथ बड़ी सफलता प्राप्त की है।
मंगलवार को सोशल मीडिया पर अपने संदेश में शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल की जनता को “प्रणाम” करते हुए कहा कि भाजपा को भारी समर्थन देने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास जताने के लिए वह सभी के प्रति आभारी हैं। उन्होंने कहा कि यह जीत हर देशभक्त और राष्ट्रवादी नागरिक तथा भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता की जीत है।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि भाजपा एक विकसित, समृद्ध और सुरक्षित पश्चिम बंगाल के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है और पार्टी अपने सभी वादों को पूरा करने के लिए दृढ़ संकल्पित है। सभी को साथ लेकर एक स्वस्थ, सुंदर और प्रगतिशील राज्य का निर्माण किया जाएगा, जहां जनता की सेवा ही सरकार का मुख्य लक्ष्य होगा।
शुभेंदु अधिकारी ने चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए चुनाव आयोग, सरकारी कर्मचारियों, केंद्रीय बलों तथा राज्य और कोलकाता पुलिस के प्रति भी विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक विकसित और आत्मनिर्भर पश्चिम बंगाल का निर्माण ही उनका प्रमुख संकल्प है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

