home page

पश्चिम बंगाल पुलिस को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने की कई अहम घोषणाएं

 | 
पश्चिम बंगाल पुलिस को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने की कई अहम घोषणाएं


कोलकाता, 18 सितंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य पुलिस बल के आधुनिकीकरण और उसे अधिक मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण उपायों की घोषणा की है। कोलकाता पुलिस मुख्यालय लालबाजार में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा के समय कार्यबल और त्वरित प्रतिक्रिया वाहन दोनों का होना समान रूप से आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि दुर्गा पूजा से पहले प्रत्येक थाने को एक आपातकालीन वाहन उपलब्ध कराया जाएगा। इन वाहनों को महालया के अवसर पर ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पुलिस बलों को सौंपा जाएगा।

पुलिस विभाग का प्रभार संभाल रहे मुख्यमंत्री ने अपने जीवन को जोखिम में डालने वाले पुलिस अधिकारियों को सम्मानित करने के लिए विशेष पुरस्कार की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सभी पुलिस थानों का आधुनिकीकरण किया जाएगा, महिला सहायता डेस्क को और अधिक बेहतर बनाया जाएगा और साइबर विभाग में निगरानी बढ़ाई जाएगी।

उन्होंने इस बात पर चिंता जताई कि साइबर अपराध की शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं और कई पीड़ितों को अपनी गाढ़ी कमाई गंवानी पड़ रही है। इस समस्या से निपटने के लिए उन्होंने सिविल डिफेंस कर्मियों के एक नए दस्ते के गठन की घोषणा की, जो दुर्गा पूजा से पहले अपनी सेवाएं शुरू करेगा और इसमें अग्निशामक भी शामिल होंगे।

चक्रवात के दौरान पिछली सरकार की विफलता को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तब अन्य राज्य से आपदा प्रबंधन दल बुलाना पड़ा था, जबकि स्थानीय प्रशासन संघर्ष करता रहा था। उन्होंने कहा कि इस स्थिति को बदलना होगा और पश्चिम बंगाल पुलिस बल की संख्या में वृद्धि की जाएगी। प्रत्येक थाने को ऐसे वाहन प्रदान किए जाएंगे, जिसके लिए इस साल के बजट में एक बड़ी राशि का आवंटन किया गया है।

मुख्यमंत्री ने निचले स्तर के पुलिसकर्मियों के लिए वित्तीय सहायता की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि अक्टूबर में दुर्गा पूजा के दौरान राशन, अग्रिम वेतन और बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता दिया जाएगा।

उन्होंने राज्य विरोधी गतिविधियों और महिलाओं के खिलाफ हिंसा के प्रति सरकार की शून्य सहनशीलता की नीति को दोहराते हुए इस बात पर जोर दिया कि पुलिस को किसी भी आदेश का इंतजार किए बिना तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।

भ्रष्टाचार के खिलाफ चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि रिश्वत लेते हुए पुलिसकर्मियों के गिरफ्तार होने की घटनाओं का यह सिलसिला अब बंद होना चाहिए। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि वसूली की इस संस्कृति को अब रुकना होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर