बागनान में मृत भाजपा कार्यकर्ता के परिवार से मिले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का दिया भरोसा
कोलकाता, 27 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को हावड़ा जिले के बागनान पहुंचकर 17 जून को कथित तौर पर भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या किए गए भाजपा कार्यकर्ता प्रशांत डे के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए आश्वासन दिया कि इस मामले में शामिल सभी आरोपितों के खिलाफ सख्त पुलिस कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री शनिवार शाम करीब चार बजे अपने आवास शांतिकुंज से रवाना हुए और शाम पांच बजे के बाद बागनान स्थित प्रशांत डे के घर पहुंचे। वहां उन्होंने परिवार के सदस्यों से बातचीत की, उनकी समस्याएं सुनीं और राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 जून को हुई इस हत्या में शामिल सभी लोगों को कानून के दायरे में लाया जाएगा और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना सरकार की प्राथमिकता है।
गौरतलब है कि भाजपा कार्यकर्ता प्रशांत डे की 17 जून को बागनान में कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पूरे राज्य में राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था। भाजपा ने आरोप लगाया था कि हमले में स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेताओं और ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों की भी भूमिका रही है।
मामले की जांच बाद में अपराध जांच विभाग को सौंप दी गई। पुलिस ने इस मामले में 51 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है, जिनमें से अब तक 10 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
इस दौरान मृतक के परिजनों ने मुख्यमंत्री को बताया कि प्राथमिकी में नामजद तृणमूल कांग्रेस समर्थित ग्राम पंचायत प्रधान एसके मोफिजुल की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। मुख्यमंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया कि जांच निष्पक्ष होगी और कानून के अनुसार सभी आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

