मुख्यमंत्री शुभेंदु ने महिला पुलिसकर्मियों से राखी बंधवाकर 'राष्ट्रवाद के बंधन’ को मजबूत करने का संकल्प दोहराया
कोलकाता, 28 अगस्त (हि.स.)। रक्षा बंधन के अवसर पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता के नजरुल मंच में आयोजित भव्य राखी बंधन उत्सव में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने महिला पुलिसकर्मियों समेत बहनों और बेटियों से राखी बंधवाई। उन्होंने इस आयोजन को भाईचारे, एकता और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हुए कहा कि राखी का पवित्र धागा प्रेम और अटूट एकता का प्रतीक है।
शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि युवा सेवा एवं खेल विभाग और सूचना एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग, पश्चिम बंगाल सरकार के संयुक्त तत्वावधान में नजरुल मंच पर ‘राष्ट्रवाद के बंधन’ विषय पर राखी बंधन उत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उन्होंने कविगुरु रवींद्रनाथ ठाकुर और देश के राष्ट्रीय नायकों को श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रवींद्रनाथ ठाकुर ने राखी को सामाजिक एकजुटता और भाईचारे के माध्यम के रूप में देखा था। इसी ऐतिहासिक दृष्टिकोण से प्रेरणा लेते हुए उन्होंने सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने, समाज में भाईचारा बढ़ाने और राष्ट्र की सेवा के लिए समर्पित रहने का संकल्प लिया।
इसके अलावा भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में भी राखी बंधन के विभिन्न कार्यक्रमों में उन्होंने हिस्सा लिया। यहां बहनों, बेटियों और पुलिसकर्मियों के साथ राखी का त्योहार मनाया। उन्होंने कहा कि यह पर्व समाज में आपसी स्नेह, सम्मान और एकता के बंधन को मजबूत करने का अवसर है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

