home page

आशीष बनर्जी की आत्महत्या में ‘ब्लैकमेलिंग के दबाव’ की आशंका : शुभेंदु अधिकारी

 | 
आशीष बनर्जी की आत्महत्या में ‘ब्लैकमेलिंग के दबाव’ की आशंका : शुभेंदु अधिकारी


कोलकाता, 16 अगस्त (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को पूर्व राज्य मंत्री और विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष आशीष बनर्जी की आत्महत्या को लेकर गंभीर आशंका जताई। उन्होंने कहा कि संभव है कि घटना के पीछे किसी तरह का “ब्लैकमेलिंग का दबाव” रहा हो। मुख्यमंत्री ने मामले की उचित जांच कराने की बात कही।

मीडिया से बातचीत में शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद आशीष बनर्जी ने अपनी ही पार्टी के भीतर कथित अन्याय और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई थी। उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से दूरी बनाई थी और उनके द्वारा गठित एक समिति से भी इस्तीफा दे दिया था।

शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “यह संभव है कि तृणमूल कांग्रेस के भीतर भ्रष्टाचार में शामिल लोगों ने उन्हें डराया-धमकाया हो। हो सकता है कि किसी ने उन्हें ब्लैकमेल किया हो। मेरे उनके साथ राजनीतिक मतभेद थे, लेकिन हमारे व्यक्तिगत संबंध बेहद सौहार्दपूर्ण थे।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले की पूरी जांच की जाएगी। मृतक की ओर से छोड़े गए सुसाइड नोट और उनके मोबाइल फोन की भी जांच की जाएगी। उन्होंने यह पता लगाने की जरूरत बताई कि क्या किसी व्यक्ति ने आशीष बनर्जी को धमकी दी थी।

उन्होंने कहा कि मैं इस घटना से स्तब्ध हूं। मैंने पुलिस और जिलाधिकारी को निर्देश दिया है कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया उचित तरीके से सुनिश्चित की जाए।

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि पेशे से शिक्षक रहे आशीष बनर्जी व्यक्तिगत रूप से ईमानदार व्यक्ति थे, लेकिन उनके राजनीतिक सहयोगियों के बारे में ऐसा नहीं कहा जा सकता।

वहीं, तृणमूल कांग्रेस के एक वर्ग की ओर से लगाए गए उन आरोपों को शुभेंदु अधिकारी ने खारिज कर दिया, जिनमें कहा गया था कि राज्य सरकार के प्रशासनिक दबाव और भाजपा की ओर से कथित बदनाम करने के अभियान के कारण आशीष बनर्जी ने यह कदम उठाया।

उन्होंने कहा कि पुलिस या प्रशासन की ओर से आशीष बनर्जी को कोई नोटिस नहीं दिया गया था और भाजपा की ओर से भी किसी ने उन्हें धमकी नहीं दी थी। ऐसे में इस पहलू की भी जांच होनी चाहिए कि क्या तृणमूल कांग्रेस से जुड़े भ्रष्टाचार में शामिल किसी व्यक्ति ने उन्हें धमकाया या ब्लैकमेल किया था।

रविवार देर दोपहर तक इस मामले में तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर आशीष बनर्जी की आत्महत्या के लिए भाजपा और मीडिया को जिम्मेदार ठहराया।

फिलहाल, घटना के कारणों को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय