माओवादी नेता असीम मंडल की गिरफ्तारी पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पुलिस की सराहना की, ‘रेड टेरर’ को लेकर दी कड़ी चेतावनी
कोलकाता, 17 सितंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पूर्व मेदिनीपुर जिले के पाटाशपुर के लालाट इलाके से माओवादी नेता असीम मंडल उर्फ आकाश की गिरफ्तारी के लिए कोलकाता पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) की सराहना की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की सीमाओं के भीतर ‘रेड टेरर’ के नेटवर्क को दोबारा खड़ा करने या उसका विस्तार करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए बताया कि कोलकाता पुलिस एसटीएफ ने असीम मंडल उर्फ आकाश को लालाट, पाटाशपुर से गिरफ्तार किया है। उन्होंने दावा किया कि मंडल भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) की केंद्रीय समिति का सदस्य और पश्चिम बंगाल राज्य समिति-1 का सचिव है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, असीम मंडल 15 वर्षों से अधिक समय से अंतरराज्यीय वन क्षेत्रों में कानून प्रवर्तन एजेंसियों से बचता रहा था। उन्होंने कहा कि सटीक तकनीकी खुफिया जानकारी के आधार पर उसकी गिरफ्तारी पुलिस बल की परिचालन क्षमता को दर्शाती है। उन्होंने इस कार्रवाई के लिए एसटीएफ के अधिकारियों और जवानों की सराहना की।
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार राज्य की सीमाओं के भीतर ‘रेड टेरर’ के नेटवर्क को फिर से सक्रिय करने या उसका विस्तार करने की कोशिश को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी चरमपंथी विचारधारा को राज्य के लोगों की सुरक्षा और विकास को प्रभावित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस तरह की किसी भी कोशिश के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे प्रयासों को पूरी तरह विफल करने के लिए कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

