home page

10 अगस्त से पूरे पश्चिम बंगाल में चलेगा 'हर घर तिरंगा' अभियान, 70 लाख राष्ट्रीय ध्वज बांटेगी सरकार

 | 
10 अगस्त से पूरे पश्चिम बंगाल में चलेगा 'हर घर तिरंगा' अभियान, 70 लाख राष्ट्रीय ध्वज बांटेगी सरकार


कोलकाता, 06 अगस्त (हि. स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पश्चिम बंगाल सरकार राज्यभर में 'हर घर तिरंगा' अभियान चलाएगी। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को नवान्न में इसकी घोषणा करते हुए बताया कि 10 अगस्त से पूरे राज्य में एक साथ अभियान शुरू होगा। इसके तहत पंचायत, ब्लॉक, महकमा और जिला प्रशासन के माध्यम से 70 लाख राष्ट्रीय ध्वज लोगों को निःशुल्क वितरित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को स्वतंत्रता दिवस के उत्सव से जोड़ना और हर घर पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना है। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई हैं।

उन्होंने बताया कि सात अगस्त को दक्षिण कोलकाता के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में एक विशाल तिरंगा मार्च निकाला जाएगा। यह मार्च सर्वे बिल्डिंग के सामने से शुरू होकर हाजरा मोड़ तक जाएगा।

इसके बाद 10 अगस्त को कोलकाता के श्यामबाजार स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा से एक विशाल तिरंगा पदयात्रा निकलेगी, जिसमें करीब 50 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान केवल तिरंगा वितरण तक सीमित नहीं रहेगा। राज्य के सरकारी भवनों, ऐतिहासिक स्मारकों, विरासत स्थलों, स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों को तिरंगे के तीन रंगों, केसरिया, सफेद और हरे रंग की विशेष रोशनी से सजाया जाएगा।

उन्होंने राज्यवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और 'हर घर तिरंगा' अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर