मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने देशबंधु चित्तरंजन दास को दी श्रद्धांजलि
कोलकाता, 5 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार सुबह स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानी देशबंधु चित्तरंजन दास की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से देशबंधु को नमन करते हुए उनके राष्ट्रप्रेम, त्याग और स्वतंत्रता आंदोलन में दिए गए योगदान को स्मरण किया।
उल्लेखनीय है कि देशबंधु चित्तरंजन दास का जन्म पांच नवंबर 1870 को कोलकाता में हुआ था। वे भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शामिल थे। पेशे से वकील रहे चित्तरंजन दास ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया था। देश के प्रति उनके समर्पण और योगदान के कारण उन्हें देशबंधु की उपाधि से सम्मानित किया गया।
चित्तरंजन दास भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रमुख नेताओं में रहे। वर्ष 1923 में उन्होंने पंडित मोतीलाल नेहरू के साथ स्वराज पार्टी की स्थापना की थी। इस पार्टी का उद्देश्य ब्रिटिश शासन की नीतियों का विरोध करते हुए विधायी परिषदों के भीतर भी स्वतंत्रता की आवाज बुलंद करना था।
वे महान स्वतंत्रता सेनानी होने के साथ-साथ प्रख्यात अधिवक्ता, लेखक और कवि भी थे। नेताजी सुभाष चंद्र बोस उन्हें अपना राजनीतिक गुरु मानते थे। देशबंधु का निधन 16 जून 1925 को दार्जिलिंग में हुआ था।
देशबंधु चित्तरंजन दास का जीवन त्याग, राष्ट्रसेवा और स्वाधीनता के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक रहा है। उनकी जयंती पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

