home page

सखावत मेमोरियल स्कूल स्ट्रॉन्गरूम में ममता की मौजूदगी पर शुभेंदु का सवाल, कहा— नियमों से बाहर कुछ नहीं कर पाईं

 | 
सखावत मेमोरियल स्कूल स्ट्रॉन्गरूम में ममता की मौजूदगी पर शुभेंदु का सवाल, कहा— नियमों से बाहर कुछ नहीं कर पाईं


कोलकाता, 01 मई (हि. स.)। दक्षिण कोलकाता के सखावत मेमोरियल स्कूल स्थित मतगणना केंद्र के स्ट्रॉन्गरूम में तृणमूल कांग्रेस नेता ममता बनर्जी की करीब चार घंटे की मौजूदगी को लेकर उनके भाजपा प्रतिद्वंद्वी शुभेंदु अधिकारी ने सवाल उठाए हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी दावा किया कि ममता कोई भी “नियम-विरुद्ध काम” नहीं कर पाईं।

शुक्रवार को सोशल मीडिया पर शुभेंदु अधिकारी ने लिखा कि भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र समेत पूरे राज्य के मतदाताओं को आश्वस्त करना चाहते हैं कि तृणमूल उम्मीदवार और निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को किसी भी तरह का अतिरिक्त लाभ लेने से रोका गया।

उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने चाहे जितनी कोशिश की हो, वे कोई भी नियम के खिलाफ काम नहीं कर सकीं। जब तक वह स्ट्रॉन्गरूम परिसर में मौजूद थीं, मेरे चुनाव एजेंट अधिवक्ता सूर्यनील दास वहां मौजूद रहकर उन पर कड़ी नजर रखे हुए थे, ताकि कोई अनुचित तरीका न अपनाया जा सके।

उल्लेखनीय है कि गुरुवार रात ममता बनर्जी लगभग चार घंटे तक सखावत मेमोरियल स्कूल के स्ट्रॉन्गरूम में मौजूद रहीं। बाहर निकलने के बाद उन्होंने पुलिस की भूमिका पर नाराजगी जताई और कहा कि यदि राज्य पुलिस अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा पा रही है तो यह उनकी विफलता है, क्योंकि अब पुलिस उनके नियंत्रण में नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पोस्टल बैलेट के साथ छेड़छाड़ की जा रही है और स्ट्रॉन्गरूम के बाहर भी सीसीटीवी लगाने की मांग की। चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि जनता ने वोट दिया है। अगर उसमें गड़बड़ी हुई या वोट लूटने की कोशिश हुई तो हम जान की बाजी लगाकर लड़ेंगे।

ममता बनर्जी ने यह भी कहा कि उन्हें शिकायत मिलने पर वह वहां पहुंचीं और तीन-चार घंटे तक स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न जगहों पर ईवीएम में गड़बड़ी के वीडियो सामने आए हैं और बाहरी लोग पोस्टल बैलेट में हस्तक्षेप कर रहे हैं।

इस दौरान सखावत मेमोरियल स्कूल के बाहर तृणमूल का एक प्रचार वाहन पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि पुलिस ने उसे अंदर आने की अनुमति दी। इससे इलाके में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय