home page

सिक्किम सुरंग हादसे पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दुख जताया

 | 
सिक्किम सुरंग हादसे पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दुख जताया


हुगली, 21 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को सिक्किम के नामची जिले के सामरदुंग-झोलुंगे क्षेत्र में एनएचपीसी की तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना के निर्माणाधीन स्थल पर सुरंग धंसने की घटना पर गहरा दुख और चिंता व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर बताया कि उन्होंने सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से फोन पर बात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, क्योंकि आशंका है कि प्रभावित श्रमिकों में कुछ पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के निवासी हो सकते हैं।

उन्होंने बताया कि राहत एवं समन्वय कार्यों के लिए राज्य के मंत्री बिशाल लामा और दार्जिलिंग के जिलाधिकारी स्वयं घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। इसके अलावा, पश्चिम बंगाल के गृह सचिव लगातार सिक्किम प्रशासन के संपर्क में हैं और बचाव अभियान की पल-पल की जानकारी ले रहे हैं।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि उन्होंने सिक्किम के मुख्यमंत्री को इस कठिन समय में पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग और सहायता का भरोसा दिलाया है। उन्होंने हादसे में प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने तथा सुरंग में फंसे सभी लोगों के सुरक्षित बचाव की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय