आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक वासुदेव पाल के निधन पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जताया शोक
कोलकाता, 20 सितंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ प्रचारक वासुदेव पाल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने रविवार सुबह दस बजे समाज माध्यम पर पोस्ट कर स्वर्गीय वासुदेव पाल को श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार, परिजनों तथा मित्रों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि वर्ष 1980 से चार दशक से अधिक समय तक वासुदेव पाल ने प्रचारक के रूप में स्वयं को संघ कार्य के लिए पूरी तरह समर्पित रखा। पश्चिम बंगाल और असम के विभिन्न क्षेत्रों में जिम्मेदारी निभाने के साथ उन्होंने उत्तर बंगाल प्रांत के प्रचार प्रमुख और प्रांत कार्यकारिणी के सदस्य के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संघ के वैचारिक और प्रकाशन कार्यों में भी वासुदेव पाल का महत्वपूर्ण योगदान रहा। संघ कार्य के प्रति उनका निःस्वार्थ समर्पण, निष्ठा, त्याग और आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता लंबे समय तक स्वयंसेवकों के लिए प्रेरणा बनी रहेगी।
उल्लेखनीय है कि संघ के वरिष्ठ प्रचारक वासुदेव पाल का शनिवार, 19 सितंबर को शाम पांच बजकर 10 मिनट पर कोलकाता के मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी अस्पताल में निधन हो गया। वह 66 वर्ष के थे। उनके निधन से संघ के कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों में शोक है।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने परमपिता परमेश्वर से स्वर्गीय वासुदेव पाल की आत्मा की चिरशांति की प्रार्थना की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार और सभी स्वजनों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की कामना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

