रक्षाबंधन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का जेयू के वामपंथी छात्र संगठनों पर हमला, बोले- ‘अंदर से देश को कमजोर करने वालों’ से सावधान रहें
कोलकाता, 28 अगस्त (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में जादवपुर विश्वविद्यालय के वामपंथी छात्र संगठनों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में ‘कश्मीर मांगे आजादी’ जैसे नारे लगाए जाने और दिवंगत माओवादी नेता कोटेश्वर राव उर्फ किशनजी के समर्थन में नारे लिखे जाने का मुद्दा उठाते हुए ऐसे तत्वों को विश्वविद्यालय से बाहर करने का आह्वान किया।
दक्षिण कोलकाता के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कोलकाता की सड़कों पर ‘आजादी’ के नारे सुनना उन्हें दुख पहुंचाता है। उन्होंने सवाल किया कि देश को आजादी मिले काफी समय हो चुका है, फिर इस तरह के नारे क्यों लगाए जा रहे हैं।
अधिकारी ने कहा कि जादवपुर विश्वविद्यालय की दीवारों पर ‘रेड सल्यूट किशनजी’ लिखा जाता है। उन्होंने कहा कि किशनजी भारतीय संविधान में विश्वास नहीं करते थे। मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन के अवसर पर लोगों से ऐसे लोगों से छुटकारा पाने का संकल्प लेने की अपील की।
उन्होंने देश के भीतर से उसे कमजोर करने की कोशिश करने वाले लोगों को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाहरी दुश्मनों से निपटने के लिए भारतीय सेना है और भारतीय वायुसेना ने भी दुश्मनों को जवाब दिया है। लेकिन देश के भीतर भी कुछ लोग राष्ट्र को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं, इसलिए उनसे सावधान रहने की जरूरत है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर वह दो अन्य कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। इनमें दक्षिण कोलकाता के नजरुल मंच का कार्यक्रम और जादवपुर विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम शामिल है। उन्होंने कहा कि जादवपुर विश्वविद्यालय में करीब 10 हजार लोग वंदे मातरम् के पूर्ण संस्करण का सामूहिक गायन करेंगे। उन्होंने लोगों से समय मिलने पर कार्यक्रम में शामिल होने की अपील भी की।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने पुलिसकर्मियों के साथ रक्षाबंधन का त्योहार मनाया।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

