अस्मिता दे की ऐतिहासिक जीत पर शुभेंदु अधिकारी ने दी बधाई
कोलकाता, 02 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 में जूडो स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली त्रिपुरा की खिलाड़ी अस्मिता दे को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि अस्मिता दे ने पहली भारतीय महिला जूडो खिलाड़ी के रूप में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है और पूरे देश को गौरवान्वित किया है।
शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को समाज माध्यम पर जारी अपने संदेश में कहा कि अस्मिता दे की यह उपलब्धि केवल भारतीय खेल जगत ही नहीं, बल्कि पूरे बंगाली समाज के लिए भी गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों की जूडो स्पर्धा में भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक जीतकर अस्मिता ने नया इतिहास बनाया है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में पिता के निधन का दुख सहने के बावजूद अस्मिता दे ने देश के प्रति अपनी अटूट निष्ठा, मानसिक दृढ़ता और समर्पण का परिचय दिया है। उनका यह साहस और संघर्ष देश के युवाओं, विशेषकर बेटियों, के लिए प्रेरणास्रोत है।
शुभेंदु अधिकारी ने अस्मिता दे के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वह आगे भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत के तिरंगे का गौरव बढ़ाती रहेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

