चंद्रनाथ के गांव में मातम, पड़ोसियों ने कहा- राजनीतिक प्रतिशोध की वजह से हुई हत्या
कोलकाता, 07 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या को लेकर पूर्व मेदिनीपुर जिले के चंडीपुर इलाके में स्थित उनके पैतृक गांव में गांव में शोक तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों और पड़ोसियों ने इस घटना को राजनीतिक प्रतिशोध का परिणाम बताया है तथा दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की मांग की है।
बुधवार रात से ही चंद्रनाथ रथ के घर के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है। शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंच रहे हैं। भाजपा सांसद दिव्येंदु अधिकारी भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे।
पड़ोसियों का कहना है कि टीवी पर गोली मारकर हत्या की खबर देखकर वे स्तब्ध रह गए। उनका आरोप है कि राजनीतिक दुश्मनी के कारण ही चंद्रनाथ की हत्या की गई। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात मध्यमग्राम के दोहाड़िया इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने चंद्रनाथ रथ की कार पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं। उस समय उनके साथ बुद्धदेव बेरा नामक युवक भी मौजूद थे। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने चंद्रनाथ को मृत घोषित कर दिया, जबकि बुद्धदेव की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें कोलकाता के ईएम बाइपास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद राज्य पुलिस महानिदेशक सिद्धीनाथ गुप्ता देर रात घटनास्थल पहुंचे और जांच जारी होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। चंद्रनाथ की पत्नी ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि वह अपने पति को वापस नहीं पा सकतीं, लेकिन दोषियों की पहचान और कड़ी कार्रवाई चाहती हैं।
वहीं शुभेंदु अधिकारी ने भी इस हत्या के पीछे राजनीतिक कारण होने की आशंका जताई, हालांकि उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने से पहले वह कोई अंतिम टिप्पणी नहीं करना चाहते। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से शांति बनाए रखने तथा कानून हाथ में नहीं लेने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

