बंगाल में पीएम आवास योजना के घरों की मालिक होंगी महिलाएं, ‘अन्नपूर्णा दिवस’ पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के बड़े ऐलान
कोलकाता, 17 सितंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 'अन्नपूर्णा दिवस' के मंच से महिलाओं, छात्राओं और स्वास्थ्य कर्मियों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने ऐलान किया कि राज्य में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनने वाले 50 लाख से अधिक नए घरों का मालिकाना हक सीधे परिवार की महिलाओं के नाम पर दर्ज किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि हर साल 17 सितंबर का दिन राज्य भर में 'अन्नपूर्णा दिवस' के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि तय योजना के अनुसार गुरुवार को ही राज्य की करीब एक करोड़ 58 लाख महिलाओं के बैंक खातों में अन्नपूर्णा योजना के तहत तीन हजार रुपये की सहायता राशि ट्रांसफर की जा रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 10 हजार रुपये से कम मासिक वेतन पाने वाली कामकाजी महिलाओं को भी इस योजना के दायरे में लाया जाएगा।
महिला और बाल विकास से जुड़ी योजनाओं का दायरा बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि आशा और आईसीडीएस कार्यकर्ताओं के मानदेय में पांच हजार रुपये तथा प्राणिमित्रों के मानदेय में दो हजार रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इसके अलावा आईसीडीएस केंद्रों पर आने वाली गर्भवती महिलाओं के पोषण आहार का बजट 12 रुपये से बढ़ाकर 14 रुपये कर दिया गया है।
शिक्षा के क्षेत्र में छात्राओं को सहयोग देने के लिए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 'कन्यारत्न योजना' के तहत मिलने वाली एक हजार रुपये की छात्रवृत्ति को वर्ष 2027 से बढ़ाकर दो हजार रुपये किया जाएगा। साथ ही, 12वीं की परीक्षा पास कर कॉलेज में दाखिला लेने वाली छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए तीन वर्षों में कुल 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी, जिसकी शुरुआत जनवरी 2027 से होगी।
प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर शुरू हुए 'सेवा संकल्प अभियान' का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने 'नशामुक्त भारत, नशामुक्त पश्चिम बंगाल' का आह्वान किया और अवैध नशा कारोबार को समाप्त करने के लिए महिलाओं से आगे आने की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश सिंह

