home page

महानायक उत्तम कुमार की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने किया प्रतिमा का अनावरण

 | 
महानायक उत्तम कुमार की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने किया प्रतिमा का अनावरण


कोलकाता, 24 जुलाई (हि. स.)। महानायक उत्तम कुमार की 47वीं पुण्यतिथि पर शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दक्षिण कोलकाता स्थित केवड़ातला महाश्मशान में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने महानायक की जन्मशती के मौके पर राज्य सरकार की ओर से कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने उत्तम कुमार की स्मृति में स्थापित स्मारक पट्टिका का भी अनावरण किया और उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। वर्ष 1980 में 54 वर्ष की आयु में महानायक का निधन हुआ था और उनका अंतिम संस्कार इसी महाश्मशान में किया गया था।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महानायक उत्तम कुमार की जन्मशती के अवसर पर तीन सितंबर से चार दिनों तक राज्यभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इन आयोजनों की रूपरेखा अभिनेता के परिवार और बांग्ला फिल्म उद्योग के प्रतिनिधियों से परामर्श के बाद अंतिम रूप दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि महानायक के नाम पर बने उत्तम मंच का आधुनिकीकरण और जीर्णोद्धार किया जाएगा। इसके अलावा राज्य सरकार के फिल्म केंद्र नंदन अथवा किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर जन्मशती के अवसर पर एक भव्य स्मृति समारोह आयोजित किया जाएगा। राज्य सरकार उनकी स्मृति में एक समर्पित फिल्म केंद्र भी स्थापित करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केवड़ातला महाश्मशान में प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय इसलिए लिया गया क्योंकि यहीं महानायक का अंतिम संस्कार हुआ था, जबकि उनकी जन्मशती पूरे राज्य में बड़े पैमाने पर मनाई जाएगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तम कुमार के परिजनों से भी मुलाकात की और कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। इसके बाद उन्होंने भवानीपुर स्थित महानायक के पैतृक आवास का भी दौरा किया।

उत्तम कुमार ने दो दशकों से अधिक समय तक बांग्ला सिनेमा पर अपना वर्चस्व बनाए रखा। उनकी प्रमुख फिल्मों में 'नायक', 'चौरंगी', 'सप्तपदी' और 'एंटनी फिरींगी' शामिल हैं। वर्ष 1967 में उन्हें सत्यजीत राय निर्देशित 'चिड़ियाखाना' और 'एंटनी फिरींगी' में उत्कृष्ट अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला था। अभिनय के अलावा उन्होंने कई फिल्मों का निर्माण, निर्देशन और संगीत निर्देशन भी किया।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर