शुभेंदु अधिकारी ने साधुओं पर हुए हमले को लेकर ममता सरकार पर साधा निशाना
सिलीगुड़ी, 10 अप्रैल (हि. स.)। पार्टी के उम्मीदवारों के लिए शुक्रवार को सिलीगुड़ी के बागडोगरा पहुंचे पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने भवानीपुर में साधुओं पर हुए कथित हमले को लेकर कहा कि भगवा वस्त्र देखकर हमला किया जा रहा है।
शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि राज्य में सनातनी सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के अपने निर्वाचन क्षेत्र में साधुओं पर हमला हुआ, जिसके लिए दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी होनी चाहिए। चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग करते हुए उन्होंने संबंधित क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों को निलंबित करने की भी बात कही। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए अधिकारी ने उन्हें “झूठ बोलने वाली मुख्यमंत्री” बताया और भाजपा के संकल्प पत्र पर की गई उनकी टिप्पणी की कड़ी आलोचना की।
इसके साथ हीऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुसलिमीन (एआईएमआईएम) और हुमायूं के बीच गठबंधन टूटने के मुद्दे पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनकी पार्टी बाबरी मस्जिद के नाम की राजनीति के खिलाफ है। उन्होंने इसे “ए और बी टीम की लड़ाई” बताते हुए कहा कि ममता बनर्जी ए टीम और हुमायूं बी टीम है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

