home page

निर्धारित समय पर पश्चिम बंगाल में जनगणना के पहले चरण का काम पूरा, शुभेंदु अधिकारी ने गणनाकर्मियों को दी बधाई

 | 
निर्धारित समय पर पश्चिम बंगाल में जनगणना के पहले चरण का काम पूरा, शुभेंदु अधिकारी ने गणनाकर्मियों को दी बधाई


कोलकाता, 16 सितंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में जनगणना के पहले चरण यानी हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग सेंसस का काम निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा होने की जानकारी सामने आई है। इस चरण में घर-घर जाकर आंकड़े जुटाने का अंतिम दिन 14 सितंबर 2026 था।

बुधवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया के माध्यम से जनगणना के पहले चरण के कार्य की प्रगति और इसमें शामिल कर्मचारियों के प्रयासों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों से लेकर मैदानी और नदी से घिरे दुर्गम इलाकों तक प्रशासन और गणनाकर्मियों ने पहुंचकर निर्धारित समय में काम पूरा किया।

राज्य सरकार की ओर से साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, राज्य के 23 जिलों और प्रमुख नगर निगम क्षेत्रों को मिलाकर कुल 1,73,066 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक में कार्य पूरा किया गया। वहीं, राज्य में अनुमानित तीन करोड़ 69 लाख 50 हजार पांच घरों में से तीन करोड़ 68 लाख 30 हजार 150 घरों से संबंधित जानकारी एकत्र करने का दावा किया गया है। शुभेंदु अधिकारी ने इस उपलब्धि को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रशासन की बेहतर योजना, समन्वय और कर्मचारियों की मेहनत के कारण यह काम समय पर पूरा हो सका।

मुख्यमंत्री ने काम करने वाले गणनाकर्मियों और सुपरवाइजरों की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि हजारों कर्मचारियों ने मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों की परवाह किए बिना पहाड़, मैदान और नदी क्षेत्रों के दूरदराज इलाकों तक पहुंचकर घर-घर जानकारी जुटाई। उन्होंने जिलाधिकारियों, एसडीओ, बीडीओ, नगर निगम आयुक्तों और अन्य संबंधित अधिकारियों के समन्वय एवं नेतृत्व की भी प्रशंसा की।

शुभेंदु अधिकारी ने जनगणना कर्मियों के साथ सहयोग करने के लिए राज्य के नागरिकों का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि लोगों ने गणनाकर्मियों का स्वागत करते हुए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई और उनके सहयोग से यह बड़ा अभियान निर्धारित समय में पूरा किया जा सका। जनसंख्या की वास्तविक गणना अगले चरण में की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय