home page

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का कोलकाता में नागरिक अभिनंदन, बोले- बंगाल का गौरव पुनर्स्थापित करना हमारा संकल्प

 | 
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का कोलकाता में नागरिक अभिनंदन, बोले- बंगाल का गौरव पुनर्स्थापित करना हमारा संकल्प


कोलकाता, 08 अगस्त (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का शनिवार को कोलकाता के महाजाति सदन प्रेक्षागृह में नागरिक अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों की विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक, आध्यात्मिक, साहित्यिक, शैक्षणिक, चिकित्सा सेवा और गौसेवा से जुड़ी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ उद्योग और व्यापार जगत की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं। बड़ी संख्या में नागरिक भी समारोह में मौजूद रहे।

अभिनंदन से अभिभूत मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता के प्रेम और विश्वास के कारण उन्हें जीत मिली है। जनता ने राज्य के विकास की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है। उन्होंने कहा कि वह जमीन से जुड़े व्यक्ति हैं और सभी के सहयोग एवं स्नेह से बंगाल के गौरव को पुनर्स्थापित करने में सफलता मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वंदे मातरम्, रवींद्रनाथ ठाकुर और स्वामी विवेकानंद की भूमि है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की इस धरती में सब कुछ है। उन्होंने कहा कि बंगाल को अपना सांस्कृतिक वैभव फिर से हासिल करना चाहिए। राज्य में उद्योग और व्यापार को बढ़ावा देना, शिक्षा व्यवस्था में सुधार करना, कानून के शासन को मजबूत करना और सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रवादी चिंतक डॉ. सावर धनानिया ने की। उन्होंने कहा कि विभिन्न संस्थाओं की ओर से मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया जाना गर्व का विषय है।

राजस्थान के पूर्व नेता प्रतिपक्ष और सात बार के विधायक राजेंद्र सिंह राठौड़ ने समारोह को अभूतपूर्व बताया। उन्होंने कहा कि अपने सार्वजनिक जीवन में उन्होंने इतनी बड़ी संख्या में विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों को किसी नेता के अभिनंदन समारोह में एक साथ शामिल होते नहीं देखा।

मुख्य अतिथि उद्योगपति हरि मोहन बांगड़ ने नई सरकार से लोगों की अपेक्षाओं का उल्लेख करते हुए राज्य में बड़े उद्योगों की आवश्यकता पर जोर दिया। जोड़ासांको के विधायक विजय ओझा ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन करते हुए कहा कि बड़ी जिम्मेदारी और लोकप्रियता के बावजूद मुख्यमंत्री कार्यकर्ताओं से जुड़े रहते हैं। विशिष्ट अतिथियों के रूप में उद्योगपति ललित बैरीवाल और कुंजबिहारी अग्रवाल भी मंच पर मौजूद रहे और अपने विचार रखे।

कार्यक्रम के आयोजन में अरुण प्रकाश मल्लावत, भागीरथ सारस्वत, आशीष जैन, अविनाश गुप्ता, अनिल मलावत, मनोज काकड़ा और मोहन तिवारी सहित कई लोगों की भूमिका रही। समारोह के संयोजक अरुण प्रकाश मल्लावत ने अतिथियों, विभिन्न संस्थाओं और उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार जताया।

योगेश राज उपाध्याय और अरुण प्रकाश मल्लावत ने कार्यक्रम का संचालन किया। सह संयोजक भागीरथ सारस्वत ने मुख्यमंत्री को दिए गए अभिनंदन पत्र का वाचन किया, जबकि सर्बजीत राय ने धन्यवाद ज्ञापन किया। समारोह में महानगर के अनेक सामाजिक और व्यावसायिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में महेंद्र दुगड़, रणजीत मूंधड़ा, द्वारका प्रसाद सारस्वत, सुनील हर्ष, सत्य प्रकाश राय, विवेक तिवाड़ी और अमित मूंधड़ा सहित अन्य लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर