मुख्यमंत्री शुभेंदु ने किया नंदीग्राम में रिकॉर्ड जीत का दावा, रेजीनगर में 25-30 हजार की बढ़त का भरोसा
कोलकाता, 07 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों के उपचुनाव में भाजपा की जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि नंदीग्राम में भाजपा उम्मीदवार रिकॉर्ड अंतर से जीतेंगे, जबकि रेजीनगर में पार्टी उम्मीदवार की जीत का अंतर 25 से 30 हजार वोट के बीच रहेगा।
मतदान के दौरान नंदीग्राम में करीब 70 प्रतिशत मतदान होने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “मैं तो चुनाव से पहले ही गंध पा लेता हूं।” उन्होंने दावा किया कि नंदीग्राम में अब तक हुए मतदान के आधार पर भाजपा 50 हजार से अधिक मतों की बढ़त पार कर चुकी है।
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि नंदीग्राम में भाजपा उम्मीदवार की जीत को लेकर वह पहले ही दावा कर चुके हैं। उन्होंने 2016 में नंदीग्राम से अपनी 82 हजार मतों की जीत का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि इस बार यह रिकॉर्ड भी टूटेगा। उन्होंने कहा कि जनता फिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राज्य सरकार पर भरोसा जताएगी।
मंगलवार रात रेजीनगर में भी मुख्यमंत्री ने भाजपा की जीत का दावा करते हुए कहा कि इस सीट पर भाजपा को 25 से 30 हजार मतों की बढ़त मिलेगी। रेजीनगर में अल्पसंख्यक मतदाताओं की बड़ी संख्या को देखते हुए भाजपा की जीत को लेकर पार्टी के भीतर भी चर्चा थी।
दूसरी ओर राज्य भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने भी नंदीग्राम में बड़ी जीत का दावा किया है। उन्होंने जलपाईगुड़ी में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इस बार नंदीग्राम में पिछली बार के मुकाबले जीत का अंतर पांच गुना अधिक होगा।
शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि रेजीनगर में भाजपा की जीत को लेकर कई लोगों को विश्वास नहीं हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि अल्पसंख्यक समुदाय के कुछ लोग भी भाजपा के साथ खड़े हो रहे हैं और उनका मुद्दा कारखाना तथा रोजगार है।
हालांकि, विपक्षी दलों ने नंदीग्राम में मतदान के दौरान गड़बड़ी और बूथ कब्जे के आरोप लगाए हैं। भाजपा ने मतदान को शांतिपूर्ण बताया है। दोनों विधानसभा सीटों के उपचुनाव के परिणाम नौ अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

