home page

अन्नपूर्णा योजना से कोई योग्य महिला वंचित नहीं होगी : मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी

 | 
अन्नपूर्णा योजना से कोई योग्य महिला वंचित नहीं होगी : मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी


कोलकाता, 22 अगस्त (हि. स.)। अन्नपूर्णा योजना के तहत मिलने वाली मासिक तीन हजार रुपये की महिला सहायता राशि से कोई भी ‘योग्य’ महिला वंचित नहीं होगी। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को यह आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं के नाम योजना के लिए स्वीकृत हो चुके हैं, उनके खातों में हर महीने दूसरे सप्ताह में राशि भेजी जाएगी।

भवानीपुर के सुभाष उद्यान में आयोजित अन्नपूर्णा योजना के लाभार्थियों के एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में इस महीने 14 हजार 500 से अधिक महिलाओं को योजना का लाभ मिला है। विभाग ने उन्हें बताया है कि करीब दो हजार 500 और महिलाओं के नाम स्वीकृत किए गए हैं। इन लाभार्थियों के खातों में भी नियमित रूप से राशि भेजी जाएगी।

दरअसल, अन्नपूर्णा योजना की राशि नहीं मिलने को लेकर हाल के दिनों में राज्य के कई इलाकों में विरोध प्रदर्शन हुए हैं। प्रदर्शनकारियों ने सड़क और रेल मार्ग तक बाधित किए। उनका आरोप था कि योजना के तहत मिलने वाली राशि उनके खातों में नहीं पहुंच रही है। इसी पृष्ठभूमि में मुख्यमंत्री का यह आश्वासन महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने विरोध प्रदर्शनों को लेकर विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों को भ्रमित कर आंदोलन कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि धमकी, रील बनाने और मीडिया के जरिए दबाव बनाने से सरकार की नीतियों में बदलाव नहीं होगा।

अन्नपूर्णा योजना विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा के प्रमुख चुनावी वादों में शामिल थी। इसके तहत महिलाओं को हर महीने तीन हजार रुपये देने का वादा किया गया था। सरकार ने चुनावी वादे के अनुरूप योजना शुरू कर दी है। हालांकि, लाभार्थियों के चयन को लेकर सरकार ने कुछ शर्तें तय की हैं, जिन्हें लेकर लोगों के एक वर्ग में असंतोष भी सामने आया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना के लिए ‘योग्य’ महिलाओं को किसी भी स्थिति में वंचित नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य की जनता ने भाजपा को केवल महिला भत्ता देने के लिए नहीं, बल्कि व्यापक विकास के लिए सत्ता सौंपी है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 17 सितंबर को पूरे राज्य में अन्नपूर्णा दिवस मनाया जाएगा। इसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है। उन्होंने कहा कि कोलकाता में एक लाख अन्नपूर्णा लाभार्थी महिलाओं के साथ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा और प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर