home page

गांव में घुसा दंतैल हाथी का संदिग्ध हालात में मौत

 | 
गांव में घुसा दंतैल हाथी का संदिग्ध हालात में मौत


अलीपुरद्वार, 17 जून (हि. स.)। जलदापाड़ा वन क्षेत्र से सटे गांवों में एक दंतैल हाथी का गांव में बुधवार संदिग्ध हालात में मृत पाए जाने से इलाके में शोक की लहर है।

मिली जानकारी के अनुसार, जलदापाड़ा पश्चिम रेंज के जंगल से पांच हाथियों का झुंड अलीपुरद्वार एक नंबर ब्लॉक के शालकुमार-दो ग्राम पंचायत अंतर्गत कलाबाड़िया गांव में घुस आया। इनमें से एक अलग हुआ दंतैल हाथी सुपारी बागान और खीरे के खेत में तांडव मचाता रहा। बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने खेत के पास ही उसका शव पड़ा देखा। सूचना पाकर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अर्थमूवर की मदद से शव को जलदापाड़ा ले जाया गया। हाथी की मौत के कारण को लेकर अभी संशय बना हुआ है।

ग्रामीणों के एक वर्ग के अनुसार, तेज बारिश और आकाशीय बिजली के कारण उसकी मौत हुई है। दूसरी आशंका यह भी है कि फसलों की सुरक्षा के लिए लगाए गए बिजली वाले फेंसिंग या तार की चपेट में आकर हाथी की जान गई हो। वन विभाग का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार