नाबालिग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में बवाल
सिलीगुड़ी, 23 मार्च (हि.स.)। सिलीगुड़ी में एक नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना वार्ड नंबर तीन के दुर्गानगर गुरुंग बस्ती इलाके की है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, नाबालिग का एक शादीशुदा युवक के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था। युवक पेशे से शिक्षक है और वही उसे पढ़ाता था। उसकी पत्नी और तीन बच्चे भी है। बताया जा रहा है कि हाल ही में नाबालिग ने युवक से शादी की बात कही, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ था।
सोमवार सुबह परिवार के लोगों ने नाबालिग को घर में फंदे से लटका हुआ पाया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। गुस्साए स्थानीय लोगों ने आरोपित युवक के घर पर हमला कर तोड़फोड़ की। सूचना मिलने पर प्रधाननगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए केंद्रीय बल भी तैनात किया गया।
घटना के बाद से आरोपी और उसका परिवार फरार बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

