home page

सुरुचि संघ में तोड़फोड़, स्वरूप विश्वास की गिरफ्तारी के बाद प्रदर्शन

 | 
सुरुचि संघ में तोड़फोड़, स्वरूप विश्वास की गिरफ्तारी के बाद प्रदर्शन


कोलकाता, 05 जून (हि. स.)। दक्षिण कोलकाता के न्यू अलीपुर स्थित प्रसिद्ध दुर्गापूजा आयोजक क्लब ‘सुरुचि संघ’ में शुक्रवार को कुछ लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए तोड़फोड़ की। यह घटना क्लब के सचिव और पूर्व मंत्री अरूप विश्वास के भाई स्वरूप विश्वास की गिरफ्तारी के एक दिन बाद हुई।

स्थानीय लोगों और प्रदर्शनकारियों ने क्लब परिसर के बाहर अरूप विश्वास और स्वरूप विश्वास के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान क्लब के होर्डिंग, पोस्टर और अन्य प्रचार सामग्री फाड़ दी गई। प्रदर्शनकारियों ने क्लब के पदाधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए।

विरोध कर रहे युवकों ने दावा किया कि क्लब में कथित रूप से अनैतिक और अवैध गतिविधियां चलती थीं। उन्होंने हाल की कुछ घटनाओं का उल्लेख करते हुए क्लब प्रबंधन पर सवाल उठाए।

उल्लेखनीय है कि सुरुचि संघ कोलकाता के प्रमुख सार्वजनीन दुर्गापूजा आयोजकों में से एक है। पूर्व मंत्री अरूप विश्वास इस क्लब के प्रमुख आयोजकों में रहे हैं, जबकि स्वरूप विश्वास इसके सचिव थे। क्लब की दुर्गापूजा को लंबे समय से राजनीतिक और सामाजिक जगत की प्रमुख हस्तियों का समर्थन मिलता रहा है।

गुरुवार को स्वरूप विश्वास को एक मेकअप आर्टिस्ट द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया था। शिकायत में उन पर शीलभंग और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। गिरफ्तारी के बाद फिल्म और टेलीविजन जगत के कुछ लोगों ने भी उनके खिलाफ कथित तौर पर दबाव बनाने, धमकाने और तानाशाही रवैये के आरोप लगाए हैं।

स्वरूप विश्वास पहले फेडरेशन ऑफ सिने टेक्नीशियंस एंड वर्कर्स ऑफ ईस्टर्न इंडिया के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक और फिल्मी हलकों में भी इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

शुक्रवार को पुलिस ने स्वरूप विश्वास को अदालत में पेश किया। मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता