राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करने की धमकी पर हुमायूं कबीर को सुकांत और शंकर घोष की चेतावनी
सिलीगुड़ी, 03 नवंबर (हि.स.)। बाबरी मस्जिद की स्थापना दिवस पर राष्ट्रीय राजमार्ग-34 जाम करने की विधायक हुमायूं कबीर की धमकी पर भाजपा ने कड़ा रुख अपनाया है। मंगलवार को केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार और राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने उन्हें कानून का पालन करने की नसीहत दी है। वहीं, शंकर घोष ने हुमायूं कबीर पर तीखी टिप्पणी करते हुए उन्हें राजनीति में अप्रासंगिक बताया है।
हुमायूं कबीर ने रविवार को बेलडांगा से घोषणा की थी कि बाबरी मस्जिद की स्थापना के दिन मुर्शिदाबाद में रेजिनगर से बहरमपुर तक करीब 30 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग-34 को अवरुद्ध किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन को चुनौती देते हुए कहा था कि पुलिस में दम है तो उन्हें रोककर दिखाए।
इस पर केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि भारतीय न्याय संहिता के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध करना गैर-जमानती अपराध है। उन्होंने विधायक से ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही मस्जिद का नाम बाबर के बजाय किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर रखने की सलाह भी दी। वहीं, पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हुमायूं कबीर राजनीति में अप्रासंगिक हैं और ऐसे लोगों को कूड़ेदान में फेंक देना चाहिए। उनके इस बयान पर भी राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

