एसएससी घोटाला मामले में पार्थ और अर्पिता फिर तलब
कोलकाता, 02 मार्च (हि. स.)। एसएससी (स्कूल सर्विस कमीशन) भर्ती घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पार्थ चटर्जी और उनकी करीबी अर्पिता मुखर्जी की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ने वाली हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दोनों को पूछताछ के लिए तलब करने का फैसला किया है।
सूत्रों के मुताबिक, होली (दोल) के बाद उन्हें ईडी कार्यालय में पेश होने को कहा जाएगा।
जानकारी के अनुसार, एसएससी घोटाले की जांच के दौरान कई अहम बिंदुओं पर पार्थ चटर्जी और अर्पिता मुखर्जी के नाम सामने आए हैं। इसी आधार पर प्रवर्तन निदेशालय दोनों से अलग-अलग पूछताछ कर मामले से जुड़े तथ्यों की पुष्टि करना चाहता है।
उल्लेखनीय है कि प्राथमिक शिक्षक भर्ती घोटाले में पार्थ चटर्जी को पहले गिरफ्तार किया गया था। बाद में उनकी करीबी अर्पिता मुखर्जी को भी इस मामले में गिरफ्तार किया गया। लंबे समय तक जेल में रहने के बाद दोनों फिलहाल जमानत पर बाहर हैं। इस मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और ईडी दोनों कर रही हैं और चार्जशीट भी दाखिल की जा चुकी है।
ईडी सूत्रों के मुताबिक, एसएससी भर्ती घोटाले से जुड़े मनी ट्रेल और अन्य दस्तावेजों की जांच में कई जगह दोनों की भूमिका संदिग्ध पाई गई है। इसी कड़ी में पूछताछ का निर्णय लिया गया है।
मंगलवार को होली होने और सप्ताह में छुट्टियों के चलते, तत्काल पूछताछ की संभावना कम है।
ईडी सूत्रों के अनुसार, 16 से 18 मार्च के बीच पार्थ चटर्जी और अर्पिता मुखर्जी को समन भेजा जा सकता है। दोनों से अलग-अलग पूछताछ कर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले अर्पिता मुखर्जी के फ्लैट से करोड़ों रुपये नकद बरामद होने का आरोप सामने आया था, जिसने इस पूरे घोटाले को राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में ला दिया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

