शालबनी जमीन भ्रष्टाचार मामले में सुमित राय अदालत में पेश
मेदिनीपुर, 11 सितंबर (हि. स.)। शालबनी जमीन भ्रष्टाचार मामले में जांच के लिए सीआईडी ने अभिषेक बनर्जी के निजी सहायक सुमित राय को हिरासत में लेना चाहती है। शुक्रवार को उन्हें कोलकाता से मेदिनीपुर अदालत लाया गया। फिलहाल उन्हें अदालत के लॉकअप में रखा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह भवानी भवन से सुमित राय को पहले स्वास्थ्य जांच के लिए एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया। स्वास्थ्य जांच पूरी होने के बाद सीआईडी उन्हें लेकर मेदिनीपुर के लिए रवाना हुई। दोपहर में उन्हें मेदिनीपुर अदालत में पेश किया गया। जांच एजेंसी अदालत से सुमित राय की 14 दिनों की हिरासत मांगने की तैयारी में है।
सीआईडी का दावा है कि शालबनी जमीन भ्रष्टाचार मामले में कई सवालों के जवाब अभी तक नहीं मिले हैं। जांच में जमीन से जुड़े कथित भ्रष्टाचार में करोड़ों रुपये के वित्तीय लेन-देन के संकेत मिले हैं। जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और कहां गई।
जांचकर्ताओं का आरोप है कि बड़ी रकम के लेन-देन को लेकर पूछताछ के दौरान सुमित राय जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं। इसी वजह से सीआईडी उन्हें हिरासत में लेकर आगे पूछताछ करना चाहती है।
यह सवाल भी उठ रहा है कि इतने बड़े वित्तीय लेन-देन के मामले में सुमित राय किसे बचाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की वास्तविकता जांच और अदालत की आगे की प्रक्रिया में स्पष्ट होगी।
इधर, अदालत में पेश किए जाने को लेकर मेदिनीपुर अदालत परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। राज्य पुलिस के साथ केंद्रीय बलों की भी तैनाती की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

