मिट्टी चोरी मामले में सुमित राय को शोन अरेस्ट, डायमंड हार्बर पुलिस ने अदालत में किया पेश
कोलकाता, 28 अक्टूबर (हि.स.)।शालबनी जमीन घोटाला मामले में जेल में बंद तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी के पूर्व निजी सहायक सुमित राय को एक और मामले में गिरफ्तार किया गया है। डायमंड हार्बर जिला पुलिस ने करीब 400 करोड़ रुपये की मिट्टी चोरी के मामले में उन्हें शोन अरेस्ट किया है। बुधवार को उन्हें अलीपुर अदालत में पेश किया गया, जहां उन्होंने जमानत की अर्जी दी है। सुमित राय को शालबनी से अलीपुर लाया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, डायमंड हार्बर के कालितला आशुति थाना क्षेत्र में सुमित राय के खिलाफ मिट्टी चोरी का मामला दर्ज किया गया है। इसी मामले में पुलिस ने उन्हें शोन अरेस्ट दिखाया है और अदालत से हिरासत में लेकर पूछताछ करने की अनुमति मांगी है। सुमित राय फिलहाल शालबनी जमीन घोटाला मामले में जेल में बंद हैं। इस मामले की जांच जारी है। ऐसे में दूसरे मामले में उनकी गिरफ्तारी दर्ज करने के लिए पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत उन्हें शोन अरेस्ट किया है।
उल्लेखनीय है कि शालबनी जमीन घोटाला मामले में सीआईडी ने सुमित राय को गिरफ्तार किया था। उन्हें अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास से गिरफ्तार किए जाने की बात सामने आई थी। आरोप है कि शालबनी क्षेत्र में सरकारी जमीन के जाली दस्तावेज तैयार कर उसे बेचने के मामले में उनकी भूमिका रही है।
इस मामले में पुलिस ने सबसे पहले पूर्व विधायक सुजय हाजरा को गिरफ्तार किया था। उनसे पूछताछ के दौरान जांच अधिकारियों को सुमित राय के बारे में जानकारी मिली। जांच एजेंसी की ओर से अदालत में दाखिल आरोपपत्र में दावा किया गया है कि कथित घोटाले की रकम सुजय के माध्यम से सुमित राय के कार्यालय तक पहुंचती थी।
अब शालबनी जमीन घोटाला मामले में जेल में बंद सुमित राय को कालितला आशुति थाना क्षेत्र में दर्ज कथित मिट्टी चोरी के मामले में भी शोन अरेस्ट किया गया है। पुलिस इस मामले में उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ करना चाहती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

