सुमित राय की तलाश जारी, पुलिस ने करीबी सहयोगी को हिरासत में लिया
कोलकाता, 26 जून (हि. स.)। जमीन से जुड़े मामले में आरोपित तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के करीबी सहयोगी सुमित राय की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। हालांकि अब तक सुमित राय का कोई पता नहीं चल पाया है। इसी बीच पुलिस ने सुमित के करीबी दोस्त पलाश चक्रवर्ती को देर रात हिरासत में लिया है। परिवार का आरोप है कि किस मामले में और क्यों उन्हें ले जाया गया, इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिए गए पलाश चक्रवर्ती हुगली जिले के बैंडेल के रहने वाले हैं। सुमित के साथ उनकी काफी नजदीकी थी। इसके अलावा पूर्व युवा तृणमूल नेता शांतनु बनर्जी के साथ भी उनके करीबी संबंध बताए जा रहे हैं। शांतनु बनर्जी को करीब तीन साल पहले शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में गिरफ्तार किया गया था। पलाश तृणमूल कांग्रेस के सक्रिय कार्यकर्ता रहे हैं और छात्र राजनीति में भी सक्रिय थे। वह श्रीरामपुर कॉलेज के जनरल सेक्रेटरी भी रह चुके हैं।
पलाश के पिता प्रदीप चक्रवर्ती ने बताया कि गुरुवार रात करीब 11 बजे पांच पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे और पलाश को अपने साथ ले गए। उन्होंने कहा कि पुलिस किस थाने से आई थी या इसमें सीआईडी शामिल थी या नहीं, इस बारे में परिवार को कुछ नहीं बताया गया।
पड़ोसियों के मुताबिक, एक सफेद रंग की गाड़ी में पांच लोग आए थे, जिसके आगे ‘पुलिस’ लिखा हुआ था। स्थानीय लोगों का कहना है कि पलाश के किन लोगों से संबंध थे, इसकी ज्यादा जानकारी किसी को नहीं है। पिछले साल उन्होंने पहली बार मोहल्ले की दुर्गा पूजा में खर्च भी किया था।
दूसरी ओर, सुमित राय के खिलाफ उगाही समेत कई गंभीर आरोप हैं। उनकी तलाश में पश्चिम मेदिनीपुर के शालबनी थाने की पुलिस अभिषेक बनर्जी के आवास पर भी पहुंची थी। इसके बाद हुगली के श्रीरामपुर स्थित सुमित राय के ससुराल में भी तलाशी ली गई, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।
इस बीच सुमित राय ने अपने वकील के जरिए अदालत में अग्रिम जमानत की अर्जी दी थी, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया। साथ ही, उनके विदेश भागने की आशंका को देखते हुए उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

