home page

शालबनी जमीन जालसाजी मामले में फिर मेदिनीपुर अदालत में पेश हुए सुमित राय

 | 
शालबनी जमीन जालसाजी मामले में फिर मेदिनीपुर अदालत में पेश हुए सुमित राय


मेदिनीपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर के शालबनी जमीन जालसाजी मामले में गिरफ्तार तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी के निजी सहायक सुमित राय को शनिवार को फिर मेदिनीपुर अदालत में पेश किया गया। आठ दिनों की सीआईडी हिरासत पूरी होने के बाद उसे अदालत में लाया गया। इससे पहले सुबह में कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल में उसकी स्वास्थ्य जांच कराई गई।

कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच भवानी भवन से सुमित राय समेत मामले में गिरफ्तार तीन और आरोपितों को स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद सभी को मेदिनीपुर अदालत लाया गया।

शालबनी जमीन जालसाजी मामले में तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक सुजय हाजरा समेत अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार किया गया है। इसी मामले की जांच के दौरान सीआईडी ने सुमित राय को गिरफ्तार किया था।

सीआईडी के अनुसार, सुजय हाजरा के खिलाफ जिन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, उन्हीं धाराओं के तहत सुमित राय के खिलाफ भी मामला शुरू किया गया है। जांच एजेंसी जमीन से जुड़े कथित जालसाजी और दलाली से संबंधित लेन-देन की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता